आठ महीने बाद शीतला धाम घाट पहुंचीं गंगा, हजारों भक्तों ने लगाई डुबकी

WhatsApp Channel Join Now
आठ महीने बाद शीतला धाम घाट पहुंचीं गंगा, हजारों भक्तों ने लगाई डुबकी


मीरजापुर, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन के दूसरे रविवार को चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर मां शीतला का दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। चर्चा रही कि करीब आठ महीने बाद मां गंगा का प्रवाह शीतला धाम घाट की ओर पहुंचा है। इससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने गंगा में डुबकी लगाकर स्नान किया और फिर कतार में लगकर मां शीतला के दरबार में पहुंचे। मंदिर में प्रवेश करते ही श्रद्धालु मां के जयकारे लगाने लगे। जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। गर्भगृह में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

महिला श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में कढ़ाई चढ़ाई। वहीं, पुड़ी, हलुआ, गुलगुला समेत विभिन्न पकवान बनाकर मां को भोग लगाया। श्रद्धालु नारियल, चुनरी, लाचीदाना, लड्डू, पेड़ा समेत विभिन्न प्रकार का प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे।

मंदिर के पुजारियों ने श्रद्धालुओं को विधि-विधान से दर्शन-पूजन कराया। सावन के दूसरे रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर परिसर और शीतला धाम घाट पर पूरे दिन धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story