वाराणसी में खतरे के निशान से करीब पांच मीटर नीचे बह रही गंगा - केंद्रीय जल आयोग

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में खतरे के निशान से करीब पांच मीटर नीचे बह रही गंगा - केंद्रीय जल आयोग


वाराणसी, 17 अगस्त(हि. स.)। केंद्रीय जल आयोग ने सोमवार की सुबह आठ बजे गंगा के बढ़ते जलस्तर की रिपोर्ट जारी की। जल आयोग के रिपोर्ट में गंगा का जलस्तर वाराणसी में 65.80 मीटर दर्ज किया गया है। जो खतरे के निशान से करीब पांच मीटर नीचे है। गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर है, वहीं खतरे का निशान 71.262 मीटर है।

केंद्रीय जल आयोग की जारी रिपोर्ट के अनुसार गंगा के जलस्तर में निरंतर हो रही वृद्धि से अगले 48 घंटे में वाराणसी में सभी घाटों के डूब जाने की उम्मीद है। जलस्तर में वृद्धि का मुख्य कारण निरंतर हो रही बारिश है, जिससे गंगा के जलस्तर बढ़ने की रफ्तार तेज है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

-वाराणसी में बदले गए शवदाह स्थल

गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर वाराणसी में शवदाह स्थलों पर भी पड़ा है। वाराणसी में हरिश्चन्द्र घाट और मणिकर्णिका घाट पर शवदाह करने के स्थल में परिवर्तन कर दिया गया है। विशेष रूप से हरिश्चंद्र घाट पर गंगा के जल से शवदाह स्थल डूब गया है। इसके बाद घाट के ऊपरी सीढ़ियों पर शवदाह किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story