वाराणसी में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण आरती के स्थान प्रभावित, अस्सी घाट पर स्थान बदला
वाराणसी, 07 अगस्त (हि.स.)। गंगा नदी का बढ़ते जलस्तर के कारण उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में गंगा घाटाें पर हाेने वाली आरती के स्थान प्रभावित हो गए हैं। इसी वजह से आरती समिति ने शुक्रवार को अस्सी घाट पर आरती के स्थान को 10 फीट ऊपर कर दिया। वही, दशाश्वमेध घाट पर भी आरती स्थल के दो सीढ़ी नीचे तक गंगा नदी का जल पहुंच चुका है। जिसको लेकर गंगा आरती समिति ने शनिवार को एक बैठक रखी है, जिसके बाद आरती का स्थान बदला जा सकता है।
दशाश्वमेध घाट के बगल में शीतला घाट पर शीतला मंदिर के महंत बाबू महाराज ने बताया कि प्रतिवर्ष बारिश के दिनों में गंगा का जलस्तर बढ़ जाने के कारण आरती के स्थान को बदलना पड़ता है। गंगा के जलस्तर बढ़ने पर एक घाट से दूसरे घाट तक आवागमन भी प्रभावित होता है। अभी दो तीन सीढ़ी नीचे गंगा का जल पहुंचा है। अच्छी बारिश होने पर दो तीन दिन में आवागमन बंद होने की संभावना दिख रही है।
शिवगंगा दैनिक प्रभात फेरी के संगठन मंत्री नरेंद्र नाथ ने बताया कि घाटों को जोड़ने के लिए चबूतरा बना हुआ है। अभी चार बड़े चबूतरे गंगा के जल में डूब गए हैं। दशाश्वमेध घाट से अहिल्याबाई घाट आने के लिए शीतला मंदिर के नीचे बना चबूतरा भी डूबने वाला है। मंदिर के नीचे का चबूतरा डूबते ही आरती का स्थान भी बदल जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

