प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्य के 25 वर्ष पूरे होने पर वाराणसी में गंगा की आरती
वाराणसी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्य के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नमामि गंगे की ओर से सामने घाट पर मां गंगा की आरती उतारी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ मां गंगा का दूध से अभिषेक कर विशेष प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और राष्ट्र कल्याण में योगदान का अभिनंदन किया गया। आयोजकों ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री के यशस्वी कार्यकाल तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगा। काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्रध्वज तिरंगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गंगा तट की सफाई भी की गई। इस अवसर पर लोगों से प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वच्छता को संस्कार में शामिल करने’ के आह्वान से जुड़ने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में सुभाष श्रीवास्तव, विनोद सिंह, लल्लन सिंह ‘बांसुरी वाले’, डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय, लल्लन पाण्डेय, श्रीपति सिंह, केदारनाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

