गांधी-शास्त्री के आदर्शों पर चलने का पुलिसकर्मियों ने लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
गांधी-शास्त्री के आदर्शों पर चलने का पुलिसकर्मियों ने लिया संकल्प


- पुलिस लाइन में एसपी ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर दिलाई अहिंसा और राष्ट्रीय एकता की शपथ

मीरजापुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर दो अक्टूबर शुक्रवार को पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने क्वार्टर गार्द में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और सलामी दी।

इस दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की आजादी और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करने तथा उसे और मजबूत बनाने में योगदान देने की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि विवादों का समाधान अहिंसा, शांतिपूर्ण तरीके और संवैधानिक माध्यमों से किया जाना चाहिए।

एसपी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मूल्यों और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी एलआईयू, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जिले के सभी थानों और चौकियों पर भी गांधी और शास्त्री जयंती मनाई गई। संबंधित अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों, राष्ट्रीय भावना और देश की आजादी में योगदान के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story