वाराणसी में नवरात्र के पहले दिन आसमान छूने लगे फलों के दाम

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में नवरात्र के पहले दिन आसमान छूने लगे फलों के दाम


वाराणसी, 19 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नवरात्र के पहले दिन ही फल के दाम आसमान छूने लगे। जहां संतरा 60 रूपये किलो से सौ रूपये किलो हो गया, वहीं सेब ने दोहरा शतक लगा लिया। केला के दाम 40 रूपये से बढ़कर 80 रूपये दर्जन हो गए। अंगूर का रेट 25 रूपये पाव से 15 बढ़ते हुए 40 रूपये पहुंच गया। 150 से 160 रुपए किलो के अंगूर को पीछे छोड़ते हुए काले अंगूर ने सारे रिकॉर्ड तोड़कर तीन सौ रूपये पार कर दिया। वही, पपीता ने भी शतक लगाया और सौ रूपये किलो के दर पर पहुंच गया।

शहर में कचहरी, पुलिस लाइन, पहड़िया, पुराना पुल आशापुर, लक्सा, मैदागिन, विशेश्वरगंज में ताजा फलों की तलाश में पहुंचें लोगों को बढ़े दाम से थोड़ी मायूसी हुई। फल विक्रेता समिति के राजकुमार ने बताया कि बाजारों में पहड़िया मंडी से फल विक्रेता पेटी के रेट से फलों को ले जाते हैं। इसके बाद वह अपने मूल्य तय करते हैं। नवरात्र में फलों की मांग बढ़ने के कारण मूल्य का बढ़ना हर बार होता ही है। नवरात्र के समाप्त होने तक फलों के रेट में निश्चित ही कमी आएगी।

फल विक्रेता अभिषेक कुमार ने कहा कि सेब के रेट में बहुत वृद्धि नहीं हुई है। संतरा और अंगूर का रेट तेजी से बढ़ा है। नवरात्र के समय खीरा के बाजार में आ जाने से उसकी बिक्री ने भी जोर पकड़ ली है। वही, केला होलसेल बाजार में पर्याप्त उपलब्ध है और फुटकर फल विक्रेता उसके दाम घटा बढ़ा रहे हैं। व्रत रहने के कारण ही दाम घट बढ़ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story