खरीफ 2026 के लिए निःशुल्क बीज मिनीकिट व अनुदानित बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू

WhatsApp Channel Join Now
खरीफ 2026 के लिए निःशुल्क बीज मिनीकिट व अनुदानित बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू


देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में खरीफ-2026 सीजन के लिए किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट एवं अनुदानित सामान्य बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था लागू की गई है।

उन्होंने बुधवार को बताया कि उत्तर प्रदेश कृषि निदेशालय की ओर से बीज वितरण प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है, ताकि किसानों के बीच पारदर्शी एवं समान रूप से बीजों का वितरण सुनिश्चित किया जा सके। नई व्यवस्था के तहत किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की अग्रिम ऑनलाइन बुकिंग करेंगे। यदि बुकिंग निर्धारित लक्ष्य से अधिक होती है, तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

चयनित किसान अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर निःशुल्क मिनीकिट प्राप्त करेंगे। वहीं, अनुदानित बीज के लिए किसानों को निर्धारित कृषक अंश जमा कर बीज प्राप्त करना होगा।

उन्होंने बताया कि जनपद में निःशुल्क वितरण के लिए अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, तिल एवं श्रीअन्न के मिनीकिट उपलब्ध हैं। वहीं, सामान्य वितरण के लिए ढैंचा, धान, अरहर, मूंग, उड़द तथा संकर बीज (मक्का एवं धान) अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

बीजों की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक किसान खरीफ-2026 सीजन में खेती के लिए आवश्यक बीजों की बुकिंग कृषि विभाग के पोर्टल https://agriculture.up.gov.in पर जाकर कर सकते हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story