सड़क सुरक्षा अभियान को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, हादसों पर अंकुश लगाने की पहल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा अभियान को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, हादसों पर अंकुश लगाने की पहल


जागरूकता वाहन के जरिए यातायात नियमों का बताया जाएगा महत्व, हेलमेट-सीट बेल्ट से लेकर ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग पर रहेगा जोर

फर्रुखाबाद,16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में लगातार हो रहीं सड़क दुर्घटनाएं और उनमें होने वाली जनहानि प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही के चलते आए दिन हादसे सामने आ रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा अभियान को गति दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने साेमवार काे जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अभियान के तहत जागरूकता वाहन के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा के उपायों और दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी दी जाएगी। इसमें दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल के साथ तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन के प्रयोग और नशे की हालत में ड्राइविंग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

नियमों की अनदेखी बन रही हादसों की वजह

सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट न पहनने और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने के मामले भी सामने आते हैं। यातायात नियमों के अनुसार वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) होना जरूरी है। दोपहिया वाहन पर चालक सहित दो व्यक्तियों को ही बैठने की अनुमति है। नाबालिगों द्वारा मोटर वाहन चलाना भी प्रतिबंधित है। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन, खतरनाक तरीके से ओवरटेक करना और गलत दिशा में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ाता है।

सिग्नल और सड़क संकेतों का पालन जरूरी

यातायात व्यवस्था में लाल बत्ती पर स्टॉप लाइन के पीछे रुकना, हरी बत्ती होने पर आगे बढ़ना और निर्धारित लेन में वाहन चलाना प्रमुख नियम हैं। मोड़ पर दिशा बदलने से पहले इंडिकेटर का इस्तेमाल करना, आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखना और जेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देना भी जरूरी है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और शराब के नशे में ड्राइविंग यातायात नियमों का उल्लंघन है। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को निर्बाध रास्ता देना भी अनिवार्य है।

पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों की सुरक्षा पर भी जोर

अभियान में पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों की सुरक्षा से जुड़े नियमों को भी शामिल किया गया है। सड़क पार करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग और फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल, फुटपाथ पर चलना तथा रात में साइकिल पर आगे सफेद और पीछे लाल रोशनी या परावर्तक संकेत लगाना सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलू हैं। इसके अलावा वाहन की नियमित जांच, ब्रेक, टायर, हेडलाइट और इंडिकेटर की सही स्थिति बनाए रखने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

दुर्घटना की सूचना पर तत्काल मिलेगी मदद

सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। इसके लिए एंबुलेंस सेवा के नंबर 108 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नेक व्यक्तियों को गुड समैरिटन संबंधी कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की ओर से शुरू की गई इस पहल के जरिए सड़क सुरक्षा को जनजागरूकता अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का जोर यातायात नियमों के पालन के साथ सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर रूप से घायलों की संख्या में कमी लाने पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story