फर्रुखाबाद: बुढ़वा मंगल पर बाबा नीब करौरी में उमड़ा आस्था का सैलाब
फर्रुखाबाद,22 सितंबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में थाना मोहम्मदाबाद स्थिति नीब करौरी धाम में बुढ़वा मंगल के अवसर पर प्रसिद्ध नीब करौरी धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बाबा के दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचने लगे। प्रशासन ने इस अवसर पर तीन से पांच लाख तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया था। भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कर रखी थी।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोहम्मदाबाद और संकिसा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई। मोहम्मदाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को मुख्य मार्ग पर बनाए गए गेट के पास रोका गया, जबकि संकिसा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए नगला वाले मोड़ के पास पार्किंग की व्यवस्था रही। इसके बाद भक्त पैदल मंदिर तक पहुंचे। मंदिर परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें लगाई गईं। लंबी कतारों के कारण कई श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार के बाद बाबा के दर्शन हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुख्य मार्ग से मंदिर तक कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ की आवाजाही पर नजर रखी गई। मंदिर के आसपास वाहनों का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ते की भी व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग में बाबा लक्ष्मण दास के जयकारे गूंजते रहे और भक्त भक्ति में लीन नजर आए।
नीब करौरी धाम का धार्मिक महत्व भी खास है। फर्रुखाबाद जिला प्रशासन के अनुसार, संकिसा के निकट स्थित यह स्थान बाबा नीम करौली का तपस्थल माना जाता है। यहां प्राचीन हनुमान मंदिर और पवित्र गुफा बाबा की साधना से जुड़ी बताई जाती है। बाबा भगवान हनुमान जी के अनन्य भक्त के रूप में श्रद्धालुओं के बीच पूज्य हैं और देश-विदेश से भक्त वर्षभर धाम पहुंचते हैं। यहां मनोकामना पूरी होने पर घंटा चढ़ाने की परंपरा भी यहां प्रचलित है।
स्थानीय मान्यताओं और उपलब्ध विवरणों के अनुसार बाबा लक्ष्मण दास ने नीब करौरी गांव में लंबे समय तक साधना की थी। इसी स्थान से उनका नाम नीब करौरी बाबा के रूप में प्रसिद्ध होने की बात कही जाती है। धाम में आज भी बाबा की साधना से जुड़ी गुफा और हवन कुंड श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र हैं।
बुढ़वा मंगलवार के चलते धाम के साथ-साथ जिले के अन्य हनुमान मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की भीड़ रही।
भोलेपुर स्थित हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। नीब करौरी धाम में देर तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी है और पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों से भक्तिमय बना हुआ है। पुलिस-प्रशासन की निगरानी में दर्शन और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने का प्रयास जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

