अदवा बांध के चार फाटक खुले, नदी में छोड़ा जा रहा 10 हजार क्यूसेक पानी
- तटीय गांवों में अलर्ट
मीरजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। हलिया क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते अदवा बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। जलाशय में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए सिंचाई विभाग ने बांध के चार फाटक खोलकर करीब 10 हजार क्यूसेक पानी अदवा नदी में छोड़ना शुरू कर दिया है। पानी छोड़े जाने के बाद नदी के निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
सिंचाई विभाग के अनुसार केहुझुआ, टकिहा और अदवा के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों से बांध में लगातार पानी पहुंच रहा है। ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने पर बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फाटकों से पानी की निकासी शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर 192 मीटर से अधिक पहुंचने के बाद चार गेट खोलकर पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। निकासी के बाद अदवा नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान किया गया है। प्रशासन और सिंचाई विभाग ने ग्रामीणों से नदी के घाटों, टापुओं और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। लोगों को मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की सलाह दी गई है।
एसडीओ अनिल गुप्ता ने बताया कि बांध के ऊपरी क्षेत्र में बारिश के कारण जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए चार फाटकों से लगभग 10 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। विभाग जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रख रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

