गांव की सरकार में महिला प्रधानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण : डॉ बबिता सिंह चौहान
सरल केयर फाउंडेशन ने 21 महिला प्रधानों को 'नारीश्री सम्मान 2026 से किया सम्मानित
लखनऊ, 07 मार्च (हि.स.)। सरल केयर फाउंडेशन की ओर से एमडी ट्रेड लाइन के सहयोग से ‘08 मार्च अंतरराष्टीय महिला दिवस’ की पूर्व संध्या पर निगोहां स्थित बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज में महिला सशक्तिकरण में ग्राम प्रधानों की भूमिका विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने फाउंडेशन की ओर से मोहनलालगंज तहसील की 21 महिला प्रधानों को 'नारीश्री महिला ग्राम प्रधान सम्मान 2026' से सम्मानित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान व विशिष्ट अतिथि सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडे रहे।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबिता सिंह चौहान ने बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज की चेयरपर्सन रीना सिंह और सरल केयर फाउंडेशन की अध्यक्ष रीता सिंह के साथ मिलकर सभी महिला ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति-पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. बबिता सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को अंतिम पंक्ति तक सम्मान दिलाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और गांव की सरकार में महिला प्रधानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जो काम समाज के लिए किया जाता है, वही हमेशा याद किया जाता है। भारत की संस्कृति की पहचान उसके संस्कारों से है और उन संस्कारों को जीवित रखने में महिलाओं की अहम भूमिका होती है। डॉक्टर बबीता सिंह चौहान ने कहा की ‘हर दिन महिलाओं का होता है 8 मार्च महिला सम्मान दिवस के लिए मनाया जाता है।’
विशिष्ट अतिथि एसीपी विकास कुमार पांडे ने कहा कि महिलाएं आज नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने महिला प्रधानों से गांवों में शिक्षा, सुरक्षा और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्था की अध्यक्ष रीता सिंह ने कहा कि महिला प्रधानों ने गांव के विकास और सामाजिक जागरूकता में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर एमडी ट्रेड लाइन के एमडी मुरलीधर आनंदीलाल शर्मा, बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज के अध्यक्ष आनंद शेखर सिंह, थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी, वाइस चेयरमैन रीना सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शैलेन्द्र सिंह, मोहनलालगंज पत्रकार एसोशिएशन महामंत्री अखिलेश द्विवेदी, संयुक मंत्री अनुपम मिश्रा, समाजसेवी आईपी सिंह, प्रदीप द्विवेदी, प्रधान अभय कांत दीक्षित, नीरज सिंह समेत काफी संख्या में महिला प्रधान व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इन्हें मिला महिला ग्राम प्रधान सम्मान
जिन महिला प्रधानों को सरल केयर नारीश्री सम्मान 2026 दिया गया उनमें उर्मिला द्विवेदी ग्राम अघैया, नीरज ग्राम लालपुर, राजकुमारी ग्राम दखिना, रीना सिंह ग्राम नंदौली, कुसुमलता सोनी ग्राम भगवानपुर, आनंद रानी ग्राम शेरपुर लवल, अनुपम ग्राम बैरीसालपुर, विद्या देवी ग्राम ब्रहमदासपुर, श्यामादेवी ग्राम उदयपुर, कमलेश कुमारी ग्राम टिकरा, निर्मला पाल ग्राम दयालपुर, नीता ग्राम हुलासखेडा, नेहा साहू ग्राम मंगटैइया, दीपिका यादव ग्राम डिघारी, सरिता ग्राम मेंहदौली, प्रियंका ग्राम भीलमपुर, माया ग्राम कुशमौरा, रेनू अवस्थी ग्राम जबरौली, इलमा बानो प्रधान मीरानपुर, गीता प्रधान भदेसुवा और राजवती ग्राम ग्राम परसपुर ठठ्ठा शामिल थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

