पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडेय ने किए मां विंध्यवासिनी के दर्शन
मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के अवसर पर भाजपा नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय बुधवार को मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार पहुंचे और विधि-विधान के साथ दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां के चरणों में शीश नवाया और अपने परिवार एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद महेंद्र नाथ पांडेय ने अष्टभुजा मंदिर, काली खो मंदिर और तारा मंदिर का भी दर्शन किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
महेंद्र पांडेय ने दर्शन के दौरान आस्था और श्रद्धा की भावना को व्यक्त करते हुए कहा कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन से आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

