वाराणसी : कोनिया मोहल्ला पूरी तरह से जलमग्न, 13 स्थानों पर बनाए गए बाढ़ राहत कैंप

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : कोनिया मोहल्ला पूरी तरह से जलमग्न, 13 स्थानों पर बनाए गए बाढ़ राहत कैंप


वाराणसी, 01 सितम्बर (हि. स.)। वाराणसी में गंगा नदी के चेतावनी बिंदु पार करने के बाद शहर के मध्य कोनिया मोहल्ला पूरी तरह से जलमग्न हो गया। मंगलवार को कोनिया मोहल्ले के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जिला प्रशासन ने पहुंचाया। वही, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्टीमर पर सवार होकर कोनिया मोहल्ले सहित बाढ़ प्रभावित मोहल्लो की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गंगा नदी में जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर आ जाने के बाद कोनिया मोहल्ला पूरी तरह से प्रभावित है। यहां लोगों के मकान में जल का प्रवेश हो चुका है। जिसे देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। बहुत सारे लोगों को कोनिया क्षेत्र के आदर्श विद्यापीठ स्कूल में बनाए गए बाढ़ राहत कैंप में भी भेजा गया है।

-गंगा और वरुणा के जलस्तर में वृद्धि से प्रभावित लोगों के लिए 13 बाढ़ राहत कैंप

वाराणसी में गंगा नदी में जलस्तर की वृद्धि होने के साथ ही कई मोहल्ले एवं गांव क्षेत्र प्रभावित हैं। इसी तरह वरुणा नदी के किनारे करीब आठ मोहल्ले पूरी तरह से प्रभावित हो चुके हैं। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने 13 स्थान पर बाढ़ राहत कैंप बनाए हैं। यह बाढ़ राहत कैंप क्रमशः प्राइमरी स्कूल सलारपुर, प्राइमरी स्कूल सरैया, यूनाइटेड स्कूल सरैया, इंडियन पब्लिक स्कूल सरैया, सिटी गर्ल्स कॉलेज बड़ी बाजार, चित्रकूट कान्वेंट स्कूल नक्खी घाट, नवोदय स्कूल दनियालपुर, आदर्श विद्यापीठ कोनिया, दीप्ति कान्वेंट स्कूल हुकूलगंज, जीएनजी स्कूल सलारपुर, राम जानकी मंदिर ढेलवरिया, जेपी मेहता इंटर कॉलेज सिकरौल एवं तुलसी निकेतन स्कूल हुकूलगंज में बनाए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story