चुनार से निकली सीमेंट की पहली खेप, मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचा 30 टन सीमेंट

WhatsApp Channel Join Now
चुनार से निकली सीमेंट की पहली खेप, मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचा 30 टन सीमेंट


मीरजापुर, 20 जून (हि.स.)। चुनार की औद्योगिक पहचान को नई मजबूती देते हुए डालमिया सीमेंट भारत लिमिटेड ने शनिवार को अपनी नवस्थापित चुनार ग्राइंडिंग यूनिट से सीमेंट की पहली खेप रवाना की। खास बात यह रही कि 30 टन सीमेंट की यह पहली खेप मां विंध्यवासिनी धाम के लिए भेजी गई, जिससे इस उपलब्धि को धार्मिक और औद्योगिक दोनों दृष्टियों से विशेष महत्व मिला।

इस अवसर पर आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। यूनिट हेड राजेश श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर पहले ट्रक को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यावसायिक शुरुआत नहीं, बल्कि चुनार यूनिट की क्षमता, टीमवर्क और क्षेत्र के विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

2.5 मिलियन टन वार्षिक उत्पादन क्षमता वाली यह यूनिट उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों में सीमेंट की बढ़ती मांग को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी। कंपनी के अनुसार 22 मई 2026 को परिसंपत्तियों के हस्तांतरण के बाद एक महीने से भी कम समय में उत्पादन और डिस्पैच शुरू करना बड़ी उपलब्धि है।

कंपनी अधिकारियों ने बताया कि चुनार यूनिट के संचालन से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। पहला ट्रक रवाना होने के साथ ही चुनार से डालमिया भारत की विकास यात्रा का नया अध्याय भी शुरू हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story