विंध्य मंडल को मिला पहला सहायक निबंधक कार्यालय, आशुतोष ने संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
विंध्य मंडल को मिला पहला सहायक निबंधक कार्यालय, आशुतोष ने संभाला कार्यभार


मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। जिले में फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स से संबंधित कार्यों के लिए अब स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि मीरजापुर में सहायक रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एंड चिट्स का नवीन कार्यालय खोला जा रहा है। इसके लिए विंध्याचल मंडल के प्रथम सहायक निबंधक के रूप में आशुतोष त्रिपाठी ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया।

उन्होंने विकास भवन में पहुंचकर कार्यभार संभाला। नवीन कार्यालय के संचालन से मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों की समितियों, संस्थाओं एवं सोसाइटियों से जुड़े पंजीकरण, नवीनीकरण तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए अब वाराणसी या प्रयागराज का रुख नहीं करना पड़ेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यालय विकास भवन परिसर में संचालित होगा। इससे मंडल के लोगों को विभिन्न सेवाएं समयबद्ध और सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही संस्थाओं एवं समितियों के पंजीकरण संबंधी प्रक्रियाओं में भी तेजी आएगी।

विकास भवन से संचालित होगा कार्यालय

विंध्याचल मंडल के प्रथम सहायक निबंधक आशुतोष त्रिपाठी ने विकास भवन स्थित कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यालय खुलने से फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे हजारों संस्थाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story