फिरोजाबाद : मेरे सपनों का भारत' विषय पर हुई एक दिवसीय पोस्टर, चित्रकला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता

WhatsApp Channel Join Now
फिरोजाबाद : मेरे सपनों का भारत' विषय पर हुई एक दिवसीय पोस्टर, चित्रकला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता


फिरोजाबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद में शिक्षा विभाग एवं चित्र सेवा के तत्वावधान में विकास खंड फिरोजाबाद स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र तथा पी0 एम0 श्री कंपोजिट स्कूल दबरई में 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर एक दिवसीय पोस्टर, चित्रकला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक सोच और चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत, अंतरिक्ष विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक पर आधारित अत्यंत आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने बच्चों से उनके द्वारा बनाए गए चित्रों, जैसे कि 'मिशन चंद्रयान', 'हरित ऊर्जा' एवं 'डिजिटल इंडिया' के विषयों पर चर्चा की और उनके कलात्मक कौशल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह (शील्ड) और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी , संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story