सरकार हर गरीब बेटी के कन्यादान में निभा रही है अभिभावक की भूमिका - पर्यटन मंत्री
फिरोजाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सिरसागंज में रविवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन में कुल 111 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। जिनमें 93 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 18 जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से अब तक लगभग 6 हजार से अधिक जोड़ों का वैवाहिक जीवन के पावन बंधन में बंधने का महत्वपूर्ण कार्य सरकार द्वारा कराया जा चुका है।
मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले इस योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि को 50,000 रखा था, जिसे बढ़ाकर अब प्रति जोड़ा 1 लाख कर दिया गया है। उन्होंने योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक एवं भौतिक सहायता का पूर्ण विवरण भी बताया।
पर्यटन मंत्री ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में कन्यादान को सर्वोच्च सम्मान माना गया है और सरकार हर गरीब बेटी के कन्यादान में एक अभिभावक की भांति अपनी भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, समाज कल्याण अधिकारी राजमती, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार आदि जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

