फायरमैन की मौत पर भाई ने जताई हत्या की आशंका, गमछे से हाथ बंधे होने का दावा

WhatsApp Channel Join Now
फायरमैन की मौत पर भाई ने जताई हत्या की आशंका, गमछे से हाथ बंधे होने का दावा


औरैया, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में साेमवार काे पेड़ पर फंदे से लटके मिले फायरमैन बृजेश कुमार पाल की मौत के मामले में उनके भाई अवधेश कुमार ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने अजीतमल कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में अवधेश कुमार ने बताया कि उनके भाई बृजेश कुमार पाल पुत्र शिवप्रकाश पाल 25 अक्टूबर की रात किसी का फोन आने के बाद मोटरसाइकिल से कहीं गए थे। अगले दिन साेमवार 26 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव हालेपुर गांव के पास एक आम के पेड़ पर लटका हुआ है। सूचना मिलने पर वह परिवार और गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।

अवधेश कुमार के मुताबिक, घटनास्थल पर शव की स्थिति देखकर उन्हें आशंका हुई कि अज्ञात लोगों ने उनके भाई की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटकाया है। उन्होंने दावा किया कि उनके भाई के दोनों हाथ गमछे से बंधे हुए थे और पैर जमीन को छू रहे थे। प्रार्थी ने अपने दावे के समर्थन में घटनास्थल की तस्वीरें भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न करने की बात कही है।

उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

उक्त घटना काे लेकर अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766928 Articles

Share this story