बागपत में 132 केवी उपकेंद्र में आग, आठ गांवों की बिजली ठप

WhatsApp Channel Join Now
बागपत में 132 केवी उपकेंद्र में आग, आठ गांवों की बिजली ठप


बागपत, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की अमीनगर सराय स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में मंगलवार को बंदरों की उछल-कूद के कारण कैपेसिटर बैंक में आग लग गई। आग ने तेजी से फैलते हुए विकराल रूप ले लिया, जिससे उपकेंद्र के उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा। इस आग के कारण उपकेंद्र से जुड़े 8 गांवों की बिजली ठप हो गई है।

बिजली कर्मियों द्वारा बताया गया कि कैपेसिटर बैंक में लगे करीब 24 कैप्सूल जलकर नष्ट हो गए और मशीन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। आग की सूचना पर अग्निशमन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से अन्य मशीनों को बचा लिया गया है। घटना के चलते उपकेंद्र से जुड़े आठ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आपूर्ति बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलने का कार्य भी शुरू कराया जा रहा है।

अवर अभियंता गोपाल कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बंदरों की वजह से आग लगने की आशंका है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

बड़ौत कस्बे में जला ट्रांसफर

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली की खपत के बीच बड़ौत के नेहरू रोड पर मंगलवार को पोर्टेबल (मोबाइल) ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story