कार सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now


फर्रुखाबाद,10 नवंबर (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद स्थित कादरी गेट थाना क्षेत्र में कार सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर सर्विस सेंटर में खड़ी कई गाड़ियां जलकर राख हो गईं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं मौके पर पहुंचीं सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने आग बुझने के बाद भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई खामियां मिलने पर जिला प्रशासन ने जांच कराने की बात कही है।

थाना क्षेत्र के ठंडी सड़क स्थित कार सर्विसिंग सेंटर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सर्विसिंग सेंटर में खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं और जलकर राख हो गईं।

आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार भी मौके पर पहुंचीं। आग बुझने के बाद उन्होंने सर्विसिंग सेंटर के भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन में कई खामियां सामने आईं। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया किभवन में मिली खामियों को देखते हुए जिला प्रशासन मामले की जांच कराएगा। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही आग लगने की वजह और भवन में मिली खामियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774654 Articles

Share this story