मीरजापुरः शॉर्ट सर्किट से खपरैल मकान में लगी आग, सिलेंडर फटने से ढहा घर

WhatsApp Channel Join Now

- 11 कुंतल अनाज, भूसा और गृहस्थी का सामान जलकर राख, खुले आसमान के नीचे आया परिवार

मीरजापुर, 08 नवंबर (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के नदिनी गांव में रविवार को दीपावली की शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से खपरैल मकान में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया। इस दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से मकान भी ध्वस्त हो गया। हालांकि परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

गांव निवासी हीरालाल नोनिया के मकान में शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक आग लग गई। आग फैलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे किसी तरह घर से बाहर निकले। मकान मालिक के अनुसार, आग की चपेट में आकर गैस सिलेंडर फट गया, जिससे मकान ढह गया। हादसे में कपड़े, बर्तन, चारपाई, करीब 11 कुंतल अनाज और भूसा सहित घर-गृहस्थी का पूरा सामान जल गया।

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर जिगना पावर हाउस के अर्जुनपुर उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

विंध्याचल थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि नदिनी गांव में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774256 Articles

Share this story