वाराणसी के कृष्णा अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने महिला व दो बच्चों को सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के कृष्णा अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने महिला व दो बच्चों को सुरक्षित निकाला


वाराणसी, 07 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार को सुबह आग लग गई। कृष्णा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर फ्लैट में आग लगने के बाद धुआं निकलता हुआ देखकर लोगों ने फायर सर्विस को फोन किया। इसी समय घटना स्थल पर चौकी इंचार्ज संदीप सिंह और पुलिसकर्मियों ने पहुंच कर स्थिति को संभालते हुए एकत्रित भीड़ को हटाया। कुछ ही देर में पहुंचे सर्विस कर्मियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

मौके पर फायर सर्विस कर्मियों के पहुंचने से पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और तीसरी मंजिल से बढ़कर आग पांचवीं मंजिल तक जा पहुंची थी। फायर सर्विस कर्मियों ने मौके पर एनडीआरएफ टीम को बुलाया एनडीआरएफ के जवानों ने पांचवी मंजिल पर फंसे एक परिवार की एक महिला और दो बच्चों को बाहर निकाला। लेकिन महिला का हाथ जलने के कारण उसे तत्काल ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने बताया कि आग ने अपार्टमेंट की तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल को चपेट में लिया था। अचानक से आग के विकराल रूप लेने के कारण महिला रूबी सिंह के हाथ का हिस्सा झुलस गया। वही उनके दोनों बच्चों को सकुशल बचा लिया गया। एनडीआरएफ, पुलिस टीम और फायर सर्विस कर्मियों ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य करते हुए कोई जनहानि नहीं होने दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773737 Articles

Share this story