रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के नुआंव गांव के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पीआरवी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे नुआंव गांव स्थित रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 पुलिस युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान श्याम आसरे (20) पुत्र अरविंद साहनी निवासी चौकियां, कोतवाली चुनार के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर चुनार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था। घटना के बाद परिजन में कोहराम मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story