एफएचआरएआई का 56वां तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन वाराणसी में होगा आयोजति : सुरेंद्र कुमार जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
एफएचआरएआई का 56वां तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन वाराणसी में होगा आयोजति : सुरेंद्र कुमार जायसवाल


वाराणसी, 20 अगस्त (हि. स.)। वाराणसी में छावनी क्षेत्र स्थित क्लॉर्क होटल में फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि भारत के हॉस्पिटेलिटी उद्योग के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) का 56 वां वार्षिक सम्मेलन 21 से 23 अगस्त 2026 तक वाराणसी स्थित ताज गंगेज़ में आयोजित किया जाएगा।

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। उनके साथ केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, यूपी सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल और गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खूंते सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।

अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार जायसवाल ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग और उत्तर प्रदेश पर्यटन के पार्टनर स्टेट के रूप में आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन का विषय अनंत काशीः अध्यात्म, संस्कृति, व्यंजन एवं शिल्प के माध्यम से पर्यटन के भविष्य रखा गया है। इंडियन होटल्स कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत छटवाल, आईटीसी होटल्स के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा, रेडिसन, हिल्टन, आईएचजी, बायन धाम और लेमन ट्री जैसी वैश्विक हॉस्पिटैलिटी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।

सम्मेलन की मुख्य बातें बताते हुए सुरेंद्र जायसवाल ने कहा कि 21 अगस्त को उद्घाटन समारोह के साथ एफएचआरएआई भारत गौरव पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी का उद्घाटन आयोजित होगा।

तीन दिन तक चलने वाले सत्रों में आध्यात्मिक एवं वेलनेस पर्यटन, एमआईसीई, वेडिंग डेस्टिनेशन, सतत हॉस्पिटैलिटी, एआई व डिजिटल परिवर्तन, ओडीओपी के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रतिनिधियों के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर, स्वर्वेद महामंदिर, नमो घाट की गंगा आरती और सुबह-ए-बनारस कूज का विशेष आयोजन किया गया है। समापन सत्र में एक्सलेंस अवार्ड से हॉस्पिटैलिटी छात्रों और उद्योग के उत्कृष्ट लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

एफएचआरएआई के पढदाधिकारी गिरीश ओबेरॉय ने कहा कि यह सम्मेलन विरासत और नवाचार को जोड़कर भारत के पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा। एफएचआरएआई देशभर के एक लाख से अधिक होटल और 5 लाख रेस्तरां का प्रतिनिधित्व करने वाला शीर्ष संगठन है। यह केंद्र और राज्य सरकारों के साथ मिलकर हॉस्पिटैलिटी उद्योग के विकास और नीतियों पर कार्य करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story