भाई दूज पर बहनों ने बागपत जेल में बंद भाइयों को लगाया तिलक

WhatsApp Channel Join Now
भाई दूज पर बहनों ने बागपत जेल में बंद भाइयों को लगाया तिलक


बागपत, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के खेकड़ा स्थित जिला कारागार में बुधवार को भाई दूज का पर्व विशेष रूप से मनाया गया। जेल में बंद भाइयों से मुलाकात करने के लिए बड़ी संख्या में बहनें और परिजन पहुंचे। जेल प्रशासन की ओर से भाई-बहनों के प्रेम को देखते हुए खुली मुलाकात की व्यवस्था की गई। ताकि बहनें अपने भाइयों से मिलकर तिलक कर सकें और उनकी लंबी उम्र व अच्छे भविष्य की कामना कर सकें। इस दौरान 1296 लोगों ने की मुलाकात की।

सुबह करीब 8:30 बजे से जिला कारागार में मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। अपराह्न 3:30 बजे तक जारी रहा। इस दौरान जेल परिसर में बहनों और परिजनों की भीड़ लगी रही। बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों का तिलक कर उन्हें मिठाई खिलाई और भाई दूज की शुभकामनाएं दीं। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों से मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कई परिवारों के लिए यह मुलाकात भावुक पल लेकर आई। जिला कारागार के जेलर राजेश कुमार ने बताया कि भाई दूज के अवसर पर कुल करीब 1296 लोग बंदियों से मुलाकात करने पहुंचे। इनमें 868 महिलाएं, पांच पुरुष और 423 बच्चे शामिल रहे। उन्होंने बताया कि जेल में बंद 400 पुरुष बंदियों और सात महिला बंदियों से मिलने के लिए उनके भाई-बहन और परिजन पहुंचे थे।

जेलर ने बताया कि मुलाकात के दौरान जेल प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखी गईं। सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखते हुए व्यवस्थित तरीके से खुली मुलाकात कराई गई। इस दौरान जेल प्रशासन के साथ स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story