महिला पत्रकार को बांधकर झाड़ियों में फेंका, जलाने की कोशिश

WhatsApp Channel Join Now
महिला पत्रकार को बांधकर झाड़ियों में फेंका, जलाने की कोशिश


मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक महिला पत्रकार के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर झाड़ियों में फेंककर बदमाश भाग गये। गनीमत यह रही कि समय रहते वहां से गुजर रहे बारातियों की नजर उस महिला पर पड़ी और उसकी जान बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी राजगढ़ वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मंगलवार रात गरेरी-करौंदा मार्ग स्थित पुलिया के पास बारात से लौट रहे लोगों ने झाड़ियों में पड़ी एक महिला को पड़ा देखा। महिला के हाथ-पैर और मुंह बंधे थे। शरीर से पेट्रोल की तेज गंध आ रही थी। उसके हाथ पैर मुंह खाेलने के बाद बारातियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को राजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि महिला पत्रकार बताई जा रही है। वह 30 अप्रैल से घर से लापता थीं और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अदलहाट थाने में दर्ज है। ​पीड़ित महिला अदलहाट क्षेत्र की निवासी है, इसलिए मामले को अदलहाट थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story