रायबरेली : डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रायबरेली : डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत


रायबरेली, 19 अक्टूबर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में राख लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई,जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंसकर सड़क पर घिसटती रही,जिससे डंपर में आग लग गई। देखते ही देखते वाहन जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

ज़िले के गदागंज थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी इंद्रपाल (50) रविवार देर रात अपने बेटे शिवम (19) और सत्यम (17) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों बरारा बुजुर्ग रेलवे स्टेशन की ओर से अपने गांव जा रहे थे। ऊंचाहार-लालगंज मार्ग पर बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी से राख लादकर डलमऊ की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल और उनके बड़े बेटे शिवम की मौत हो गई जबकि छोटा बेटा सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इसी दौरान डंपर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को काबू करने में सफलता मिली । हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

ग़दागंज के थानाध्यक्ष बालेंदु गौतम ने बताया कि डंपर और बाइक के बीच टक्कर हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763454 Articles

Share this story