(फालोअप) इकलौते बेटे की हत्या से टूट गया परिवार, पिता ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
(फालोअप) इकलौते बेटे की हत्या से टूट गया परिवार, पिता ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप


- बोले- समय रहते कार्रवाई होती तो बच सकती थी प्रिंस की जान, एसपी ने चौकी प्रभारी व हल्का प्रभारी को किया निलंबित

मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 वर्षीय प्रिंस बिंद की अपहरण के बाद हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता गहरे सदमे में हैं। घर में मातम पसरा है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता केशव बिंद ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करती तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी।

केशव बिंद ने बताया कि घटना वाली रात करीब दस बजे ही गैपुरा पुलिस चौकी को बेटे के अपहरण की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद उनके मुताबिक मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने बताया कि बेटे की कुशलता की उम्मीद में मंगलवार को आरोपित की ओर से दिए गए मोबाइल नंबर पर दो हजार रुपये भी भेजे थे। पिता ने आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई और घटना में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई के साथ उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई।

उधर, मामले में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कार्रवाई करते हुए गैपुरा चौकी प्रभारी विजय कुमार राय और हल्का प्रभारी राघवेंद्र राय को निलंबित कर दिया। वहीं विंध्याचल थाना प्रभारी अजीत कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

गुरुवार को पूर्व जिलाधिकारी एवं पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल भी सेमरी गांव पहुंचीं। उन्होंने प्रिंस के घर जाकर परिजन से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि फोन करने पर अधिकारी बेरुखी से बात करते थे। पूर्व आईएएस ने परिजन की बात सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story