कार्यालय में बैठ कर सुबह दो घंटे जन समस्याएं सुनेंगे अधिकारी- जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कार्यालय में बैठ कर सुबह दो घंटे जन समस्याएं सुनेंगे अधिकारी- जिलाधिकारी


फतेहपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवांगतुक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स्य ने बुधवार पत्रकारवार्ता की। उन्हाेंने काे जनसमस्याओं के निस्तारण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को सुबह दाे घंटे कार्यालय में बैठकर जनसमस्याएं सुनने का सख्त निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान नवांगतुक जिलाधिकारी ने कहा कि शासन कि जन कल्याणकारी योजनाएं आमजन तक पहुंचे तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो यही प्राथमिकता होनी चाहिए। शासन के निर्देश के अनुपालन के लिए प्रातः 10 से 12 तक अपने कार्यालय में अधिकारी बैठकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका समाधान करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी अपने कार्यालय में बैठेंगे और लोगों की आने वाली शिकायतों को सुनकर उनका त्वरित निस्तारण करेंगे। साथ ही अधिकारी अपना सीयूजी नंबर हर हाल में उठाएं और संतोषजनक जवाब दे। विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं लोगों की आने वाली शिकायतों की क्रास चेकिंग की जायेगी।

उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का सही निराकरण करने एवं बार-बार आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी ध्यान रखे कि लोगों को शासन की हर सुविधा का लाभ मिले। नवागांतुक जिलाधिकारी ने अपने परिचय में बताया कि आगरा से मेरी नौकरी की शुरुआत हुई। मैं 2015 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी हूं। नगर आयुक्त बरेली, हरदोई जनपद में सीडीओ, विशेष सचिव आबकारी, शासन में अतिरिक्त आयुक्त हाउसिंग सहित विभिन्न पदों पर काम करने का अवसर मिला है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story