मोटरसाइकिल तिरंगा रैली को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
मोटरसाइकिल तिरंगा रैली को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


फतेहपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा मोटरसाइकिल रैली कलेक्ट्रेट से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, प्रशासक जिला पंचायत अभय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोटरसाइकिल में तिरंगा झंडा लगाकर वन्देमातरम व भारत माता का उद्घोष करते हुए रैली आगे बढ़ रही थी। तिरंगा रैली कलेक्ट्रेट परिसर से चलकर पत्थरकटा चौराहा, जिला अस्पताल, ज्वालागंज बस स्टैंड होते हुए होते स्पोर्ट स्टेडियम शांतिनगर में समापन हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक संबंध बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह अभियान राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति, गौरव के जन भागेदारी आंदोलन के रूप में सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराते समय ध्वज की गरिमा एवं निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन किया जाये। तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि है इसलिए तिरंगे के उपयोग के बाद तिरंगे को इधर–उधर न फेंका जाये और सम्मान पूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाय। रैली में वंदेमातरम के सामूहिक उदघोष से रैली राष्ट्रभक्त भाव से गूँज उठी। हर घर तिरंगा के अंतर्गत जनपद के समस्त विकास खंडों में खंड विकास अधिकारियों व जिला स्तरीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ तिरंगा प्रदर्शनी व रैली का कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अपर उप जिलाधिकारी व नागरिक सहित संबंधित उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story