मानक विहीन एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल सील, दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट हुए मरीज
फतेहपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थरियांव पूर्वी बाईपास स्थित एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल को मानकविहीन पाये जाने पर सील कर दिया। वहीं कार्रवाई के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कराया गया।
एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंची और उसे सील कर दिया।
एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने बताया कि अस्पताल को पहले नोटिस भी जारी की गई थी, लेकिन उसके बाद भी मानकों में सुधार नहीं किया गया। स्वास्थ्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में कई निजी अस्पताल, क्लीनिक और पैथोलॉजी केंद्र बिना आवश्यक मानकों और दस्तावेजों के संचालित हो रहे हैं। इसी के तहत आज एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल पर छापेमारी की गई। जांच में खामियां पाए जाने पर तत्काल सील करने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि बिना मानकों के चल रहे अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी संस्थान सरकारी गाइडलाइन का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

