फतेहपुर पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट में दिखा अनुशासन

WhatsApp Channel Join Now
फतेहपुर पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट में दिखा अनुशासन


फतेहपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को 12वीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड पर आरटीसी पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. संजीव गुप्ता व सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी रहे ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने परेड ग्राउंड पर नव-निर्मित मंच का उद्घाटन भी किया। परेड की सलामी लेने के बाद मुख्य अतिथि ने रिक्रूटों की प्रस्तुतियाें का निरीक्षण किया। रिक्रूटों ने सुसंगठित प्लाटून में बेहतरीन तालमेल और अनुशासन के साथ मार्च पास्ट कर आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सलामी, शपथ ग्रहण, शस्त्र सलामी, पुरस्कार वितरण और धीमी चाल से मार्च पास्ट जैसे क्रमबद्ध आयोजन किए गये।

परेड में कुल 576 रिक्रूट आरक्षियों ने भाग लिया, जिनमें से 569 पास हुए, जबकि 07 रिक्रूटों को पूरक प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों में इनडोर में सर्वश्रेष्ठ शिवम यादव और आउटडोर में प्रशांत सिंह रहे। मुख्य अतिथि ने रिक्रूटों के अनुशासन, समर्पण और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विजय कुमार चौधरी, रविंद्र प्रसाद सिंह, नीरज कुमार, मुकेश सिंह, महितोष कुमार, सत्येंद्र सिंह, कुलदीप पुष्पांकर, सूबेदार मेजर सतीश प्रजापति समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story