फतेहपुर में बारातियों से भरी बस डंपर से टकराकर पलटी, डेढ़ दर्जन घायल

WhatsApp Channel Join Now
फतेहपुर में बारातियों से भरी बस डंपर से टकराकर पलटी, डेढ़ दर्जन घायल


फतेहपुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को बरातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में डेढ़ दर्जन से अधिक बराती घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने चालक सहित पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया।

गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी स्व0 गोवर्धन के पुत्र राहुल(25) की बारात किशनपुर थाना क्षेत्र के सिलमी सिटकीहा गांव गई थी। बुधवार काे बारात लौटते समय जैसे ही बस गाजीपुर थाना क्षेत्र के बंवारा गाँव के समीप स्थित पेट्रोल पम्प के पास पहुंची तभी अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई जिससे सड़क किनारे खड़े डंपर से बस टकराकर पलट गई।

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में सत्यम पुत्र शिव प्रसाद (06), शिव प्रसाद पुत्र स्व0 ननकवा (45) निवासीगण बबुआ पिनारा थाना मरका जनपद बांदा, श्रीराम पुत्र बोधी प्रसाद (45) वर्ष निवासी बेसड़ी थाना असोथर, सचिन पुत्र श्रीराम (15) निवासी सिमौर थाना गाजीपुर, श्रीराम पुत्र बोधिल (40) निवासी सिमौर, शिवनारायण कुमार पुत्र स्व0 मइयादीन (25), रामनरायण पुत्र रामाधीन (50) निवासीगण अब्दुलपुर गनी थाना गाजीपुर, प्रिंस पुत्र श्रीराम (11), रामनरेश पुत्र स्व0 मइयादीन, रमेश चन्द्र पुत्र मेवालाल (60) निवासी कंधईया थाना असोथर, दुर्गेश पुत्र कुमार (20), रमेश (50) निवासीगण सिमौर सहित उन्नीस लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहाँ चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल बस चालक सुल्तान पुत्र सुलेमान (40), रामनरेश, रमेश चन्द्र, शिव प्रसाद व श्रीराम की हालत चिंताजनक देखते हुए कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story