फतेहपुर में बेकाबू ट्रक ने फैक्ट्री कर्मी को रौंदा, 200 मीटर तक वाहन में ही फंसा रहा
फतेहपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार फैक्ट्री कर्मी को कुचल दिया। कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक शव को करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया।
फतेहपुर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के साईं गांव निवासी श्यामू सिंह (37) पुत्र लाला सिंह कछवाह आज दोपहर बाद साईकिल से चौडगरा स्थित बोरिया फैक्ट्री जा रहा था। चौडगरा कस्बे में बिंदकी रोड स्थित लंबरदार मार्केट के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने साईकिल सवार श्यामू सिंह को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी जब परिजनों को हुई। पत्नी और दो बच्चे रो रो कर बेहाल होते रहे।
घटना देख दुकानदारों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर डंपर को रुकवाया और चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए। परिजनों ने करीब एक घंटे तक शव नहीं उठाने दिया और ट्रक मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर सीओ गौरव शर्मा, थाना प्रभारी सुमित पांडे और चौकी प्रभारी संजय परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी सुमित पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक सहित चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

