शौचालय निर्माण में गड़बड़ी, ग्राम प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज

WhatsApp Channel Join Now
शौचालय निर्माण में गड़बड़ी, ग्राम प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज


फतेहपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में कथित अनियमितता और 12.72 लाख रुपये के गबन के मामले में असोथर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेरुई के ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं। साथ ही मामले की अंतिम जांच के लिए तीन अधिकारियों की समिति गठित की गई है। ग्रामसभा के प्रशासक का दायित्व एडीओ पंचायत को सौंपा गया है।

मामला करीब दो साल पहले स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत में कराए गए शौचालय निर्माण से जुड़ा है। बेरुई निवासी घनश्याम साहू ने निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर कराई गई जांच में ग्राम प्रधान ललित सैनी और ग्राम पंचायत सचिव रामकृपाल पर शौचालय निर्माण में गड़बड़ी करने के आरोप सामने आए। जांच में 12.72 लाख रुपये के गबन के आरोप सही पाए जाने की बात सामने आई है। जिला पंचायत राज अधिकारी रामशंकर वर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर उनके वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज किए गए हैं। एडीओ पंचायत विष्णु कुमार वर्मा को नियुक्त किया गया है। वहीं, मामले की अंतिम जांच के लिए तीन अधिकारियों की समिति गठित की गई है। समिति की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story