किसान दिवस पर कृषकों की शिकायतों के निस्तारण का सीडीओ ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
किसान दिवस पर कृषकों की शिकायतों के निस्तारण का सीडीओ ने दिए निर्देश


फतेहपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किया गया।

उन्होंने किसान दिवस में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसान दिवस में कृषकों द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्ता परख निस्तारण मौके पर जाकर करे एवं शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर समस्या का निराकरण करायें तथा जिन शिकायतों का निराकरण तत्काल संभव न हो उनमें एक टाइम निर्धारित कर कृषकों को अवगत कराकर निर्धारित समय सीमा के अन्दर शिकायतों का निराकरण करायें एवं शिकायत का निस्तारण के दौरान उनसे दूरभाष पर अवश्य वार्ता की जाए। इसके साथ कृषकों के फोन को प्रत्येक दशा में रिसीव किये जाए एवं उनके द्वारा बतायी जा रही समस्याओं का संज्ञान लेकर गुणवत्ता परख निस्तारण कराये ताकि कृषकों में असंतोष का भाव व्याप्त न हो।

उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र द्वारा बैठक का संचालन करते हुए गत बैठक में आयी शिकायतों के अनुपालन के सम्बन्ध में कृषकों को अवगत कराते हुए शासन की लाभार्थी परख विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ प्राप्त करने की अपील की गयी। किसान दिवस बैठक में उपस्थित समस्त कृषकों से फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य रूप से कराये जाने, पराली को न जलाने, एसएमएस लगे हार्वेस्टर से ही धान फसल की कटाई किये जाने की अपील की गयी।

जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने रबी कृषि निवेशों की उपलब्धता के बारें में कृषकों को बताते हुए अधिक से अधिक संख्या में रबी फसलों की बीज बुकिंग को राजकीय कृषि बीज भण्डारों से कराते हुए अनुदान पर बीज प्राप्त करने की अपील की गयी। इसके साथ ही कृषि निवेश, बीज व उर्वरक उपलब्धता वितरण के बारे में कृषकों को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र के लिए जनपद में पर्याप्त उर्वरक उपलब्धता है, समितिवार उर्वरक का प्रेषण कराया जा रहा है, जोत के आधार पर नियमानुसार उर्वरक वितरण कराया जायेगा। कृषकों से आवश्यकता व मांग के अनुसार ही उर्वरक क्रय करने एवं उर्वरक का भण्डारण न किये जाने की अपील की गयी।

जिला उद्यान अधिकारी डॉ रमेश पाठक ने उद्यान विभाग में संचालित विभागीय योजनाओं की नवीनतम कृषि तकनीकी जानकारी कृषकों को दी। इसके साथ ही कृषकों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य एवं प्रस्संकरण उद्यम औपचारिकीकरण योजना के अंतर्गत लघु उद्यम अनुदान पर प्राप्त कर अपनी आय दोगुनी किये जाने, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, आरकेवीवाई योजना, एकीकृत बागवानी मिशन एवं आलू बीज अनुदान आदि योजनाओं की विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान कर योजनाओं में अनुमन्य अनुदान एवं उसके लाभ के बारे में बताया गया।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वेदवृत्त गंगवार ने पशुपालन विभाग में संचालित पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन आदि विभागीय योजनाओं की जानकारी कृषकों को दी गयी। अग्रणी जिला प्रबन्धक गोपाल कृष्णा ने फसल बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, मुद्रा योजना आदि विभागीय संचालित योजनाओं की जानकारी कृषकों को प्रदान की। इस मौके पर उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशाषी अभियन्ता, सिंचाई व निचली गंगा नहर सहित अन्य कृषक एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story