कारगिल विजय दिवस पर ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी’ के युवाओं ने किया रक्तदान

WhatsApp Channel Join Now
कारगिल विजय दिवस पर ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी’ के युवाओं ने किया रक्तदान


फतेहपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर देश के अमर शहीदों की स्मृति और सम्मान में आयोजित रक्तदान शिविर में 16 युवाओं ने रक्तदान कर ज़रूरतमंदों के जीवन को बचाने का संकल्प भी लिया।

मानस रक्त केन्द्र में आयोजित शिविर में रक्तदान करने वाले मुख्य रूप से दानिश अर्श, मतीन खान, शुभम गुप्ता, दक्ष, अनमोल श्रीवास्तव, सार्थक, सुमित पटेल, आरिफ, हेमंत, शुभम सिंह, अवधेश, दीपराज, अनिल, अंकित पटेल, आशीष व राकेश मौर्य ने देशभक्ति और सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल कायम की। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

रक्त दान करने वाले युवाओं ने मानवता का संदेश देते हुए कहा, हमारे वीर जवान सरहद पर देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं। हम सीमा पर जाकर तो नहीं लड़ सकते, लेकिन रक्तदान के माध्यम से किसी की जान बचाकर उन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि ज़रूर अर्पित कर सकते हैं। हर स्वस्थ युवा को राष्ट्रसेवा के इस महादान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

इस अवसर पर सामाजिक संस्था ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी’ के प्रतिनिधि फूल सिंह मौर्य, राजेश मौर्य, गुरमीत सिंह, मनु द्विवेदी, कुमार शेखर व मानस रक्तकेंद्र से प्रभारी अमन यादव, अनुस पटेल, विष्णु, बलराम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story