योगी सरकार की सौगात: फतेहपुर जिले को मिला पहला विश्वविद्यालय

WhatsApp Channel Join Now
योगी सरकार की सौगात: फतेहपुर जिले को मिला पहला विश्वविद्यालय


- युवाओं को मिलेगी रोजगारपरक उच्च शिक्षा

फतेहपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में नवनिर्मित ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय को योगी सरकार से मिली मान्यता को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभय ग्रुप के चेयरमैन अभय प्रताप सिंह ने जिले के प्रथम विश्वविद्यालय को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं, बल्कि वर्षों के संकल्प, संघर्ष और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जो जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उन्होंने बताया कि लगभग 22–23 वर्ष पूर्व रानी चन्द्रप्रभा महाविद्यालय की स्थापना और वर्ष 2005 में ठाकुर युगराज सिंह महाविद्यालय की शुरुआत इसी उद्देश्य से की गई थी कि जनपद के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके। आज वही संस्थान विकसित होकर विश्वविद्यालय का स्वरूप प्राप्त कर चुका है।

अभय प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार, आधुनिक तकनीकी सुविधाओं तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का लाभ अपने ही जिले में मिलेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि योग्य, संस्कारित और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता स्वर्गीय ठाकुर युगराज सिंह के आशीर्वाद, बड़े भाई एवं संरक्षक उदय प्रताप सिंह के मार्गदर्शन, अभय ग्रुप परिवार, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा समाज के सहयोग को दिया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से जुड़े विभागों, अभिभावकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story