तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ, स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को खरीदने की अपील
फतेहपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा कलक्ट्रेट के गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 'सरस मेला' का शुभारम्भ पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने संयुक्त रूप से फीता की गांठ खोलकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री, विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने सरस मेला में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा बनाए जा रहे उत्पाद के बारे में स्टॉलों में जाकर उनके निर्माण व बिक्री की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन के लिए आमजन से अपील करते हुए कहा कि समूहों के उत्पादों को खरीदकर आर्थिक संबल देने में सहयोग प्रदान करें, आपके उत्साहवर्धन से महिलायें स्वावलम्बी बनेंगी। साथ ही दीदीयों द्वारा बनाए श्रीअन्न (मोटे अनाज) से बने उत्पादों को चख कर देखा और प्रशंसा की।
राज्यमंत्री ने आगामी त्यौहारों की बधाई देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार की जा रही सामग्री मिट्टी के दीपक, गाय के गोबर से बने दीपक, पूजा की सामग्री, सजावटी समान, मोमबत्तियां एवं अन्य घरेलू उपयोग के लिए तैयार की गई सामग्रियां दीदियों की प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन कर रही है और दीदिया निरंतर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के निरन्तर प्रयास किए जा रहे है योजनाएं भी संचालित की जा रही है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी श्रम रोजगार, डीसी एनआरएलएम, एलडीएम, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित संबंधित उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

