मवेशी चराने गये पशुपालक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत
फतेहपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के सेमरामऊ गांव निवासी राज नारायण मिश्रा उर्फ गट्टू मिश्रा (47) नदी के किनारे भैंस चरा रहे थे। उनके साथ गांव का महादत्त (17) भी जानवर चरा रहा था। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू होने पर दोनों पास स्थित एक महुआ के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए।
कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली महुआ के पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।
थानाध्यक्ष विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस तत्काल मौके पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने राज नारायण मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महादेव का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

