फतेहपुर : मस्जिद के माइक में उतरे करंट की चपेट में आकर बुजुर्ग मुअज्जिन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फतेहपुर : मस्जिद के माइक में उतरे करंट की चपेट में आकर बुजुर्ग मुअज्जिन की मौत


फतेहपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जाफरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर फज्र की नमाज से पहले मस्जिद में अजान देने के दौरान माइक में अचानक करंट उतरने से मुअज्जिन (नमाज के लिए बुलाने वाला) की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा सहिमलपुर निवासी ननकू(80) गांव की मस्जिद की देखरेख करते थे और लंबे समय से मुअज्जिन की जिम्मेदारी निभा रहे थे। बुधवार सुबह वह रोज की तरह फज्र की नमाज के लिए लोगों को मस्जिद पहुंचने की सूचना देने के लिए माइक पर अजान दे रहे थे। इसी दौरान अचानक माइक में विद्युत करंट उतर आया। करंट की चपेट में आते ही ननकू की मौत हो गई। हादसे के बाद मस्जिद में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग मुअज्जिन की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और ईद-ए-मिलादुन्नबी के त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई।

सूचना मिलते ही जाफरगंज थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांचोपरांत उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story