सर्वोदय इंटर कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं के लिए छात्रों का प्रदर्शन, वसूली से भी हैं नाराज
डीआईओएस का 24 घंटे में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन
फतेहपुर, 28 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को सरकार से सहायता प्राप्त सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह करीब सात बजे कॉलेज का गेट खुलते ही कक्षा 6 से 12 तक के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने हाथों में अपनी मांगों से संबंधित तख्तियां और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लेकर परिसर में पहुंच गए तथा नारेबाजी शुरू कर दी। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में पेयजल, बिजली, पंखे, फर्नीचर, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, खेलकूद और स्वच्छ शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उनका कहना था कि कई पंखों में करंट उतरता है, जिससे छात्र घायल हो चुके हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रवेशपत्र, मार्कशीट और अन्य दस्तावेजों के नाम पर 50 से 100 रुपये तक अतिरिक्त धनराशि वसूली जाती है तथा कई बार कक्षाएं भी नियमित रूप से संचालित नहीं होतीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
सूचना मिलने पर किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार भी कॉलेज पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी सभी शिकायतों को लिखित रूप में दर्ज किया और 24 घंटे के भीतर आवश्यक सुविधाओं पर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद छात्र शांत हुए और दोपहर करीब 12 बजे अपनी-अपनी कक्षाओं में लौटकर पढ़ाई शुरू कर दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पेयजल, बैठने की व्यवस्था, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, खेलकूद, साफ-सफाई और शौचालय जैसी सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

