फतेहपुर : राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, बच्चों की दिखी प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
फतेहपुर : राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, बच्चों की दिखी प्रतिभा


-बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए नवोन्मेषी शोध प्रोजेक्ट

फतेहपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार एवं विशिष्ट अतिथि राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य राजेश कुमार यादव एवं जयपुरिया स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. जीपी मिश्र ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती में माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके किया ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि यह बच्चों में वैज्ञानिकता को विकसित करने का मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 100 प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। इस बार की थीम सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार है, जिसमें विद्यार्थियों ने स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध परियोजनाएं, पोस्टर और चार्ट प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने सभी प्रोजेक्ट को बहुत बारीकी से सुनते और जांचते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 4 टीमों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। सभी प्रतिभागी बच्चों को बाल विज्ञानी सम्मान पत्र और उनका मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम का संयोजन जिला समन्वयक डॉ. अमृता द्विवेदी और जिला सह समन्वयक अतुल यादव डायट प्रवक्ता व राधेश्याम दीक्षित एसआरजी एवं जिला अकादमिक समन्वयक डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव असिस्टेंट प्रोफेसर गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सह जिला समन्वयक राधेश्याम दीक्षित (एसआरजी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल एवं अन्य विद्यालय प्रतिनिधियों ने भी उपस्थित रहकर बाल वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story