फतेहपुर: आकाशीय बिजली की चपेट में आकर नाबालिग लड़के की मौत
फतेहपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हदगाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आए एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हदगाम थाना क्षेत्र के मकदूमपुर खुर्द गांव निवासी अजीत कुमार (17) पुत्र स्वर्गीय हरिप्रसाद गुरुवार सुबह अपने चचेरे भाई के साथ धान की बेड़ में खाद डालने गया था। तभी हल्की बूंदाबांदी होने लगी। इस दौरान दोनों महुए के पेड़ के नीचे खड़े हो गये। उसी समय अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से अजीत गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

