मूर्ति विसर्जन करते समय नदी में डूबे किशोर का शव 36 घंटे बाद बरामद

WhatsApp Channel Join Now
मूर्ति विसर्जन करते समय नदी में डूबे किशोर का शव 36 घंटे बाद बरामद


फतेहपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जहानाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के समय रिंद नदी में डूबे किशोर का शव गुरुवार को 36 घंटे बाद बरामद कर लिया गया।

जहानाबाद थाना क्षेत्र के तेजानगर के पास रिंद नदी में दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे अभिषेक (13) पुत्र मुन्ना का शव आज पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ माैके पर जमा हाे गई।

मृतक अभिषेक के गांव में नवरात्रि पर दुर्गा प्रतिमा की स्थापना हुई थी। मंगलवार को वह प्रतिमा विसर्जित करने रिंद नदी गया था। पंप कैनाल निर्माण स्थल के पास नदी में उतरते ही वह गहरे पानी में डूबने लगा। शोर सुनकर मौके पर मौजूद कैनाल कर्मचारियों ने किशोरों को खोजने का प्रयास किया लेकिन वह नदी में लापता हो गया।

थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि नदी में डूबे किशोर की तलाश घटना की जानकारी के बाद शुरू कराई गई थी लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को एसडीआरएफ की टीम भी खोजबीन में जुटी रही। आज सुबह करीब 08 बजे 36 घंटे की काफी तलाश के बाद किशोर का शव नदी के पुराने पुल में फंसा मिला है। शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story