राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
फतेहपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में तमाम कार्यक्रम आयाेजित हाे रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार काे उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित क्वार्टर गार्द में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अहिंसा की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखने तथा समाज में शांति, सामाजिक सद्भाव एवं मानवीय जीवन मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। पुलिसकर्मियों व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को उपहार व मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया गया। दोनों महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।
जनपद के समस्त थानों एवं चौकियों पर संबंधित प्रभारियों द्वारा ध्वजारोहण कर दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण किया गया तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धापूर्वक वातावरण में संपन्न कराया गया।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

