फर्रुखाबाद में युवा संसद का आयोजन, विद्यार्थियों ने किया संसदीय कार्यप्रणाली का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद में युवा संसद का आयोजन, विद्यार्थियों ने किया संसदीय कार्यप्रणाली का प्रदर्शन


फर्रुखाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में शनिवार को युवा संसद का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने संसद सदस्यों की भूमिका निभाते हुए प्रश्नकाल, शून्यकाल और विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक मुद्दों पर चर्चा कर भारतीय लोकतंत्र की संसदीय कार्यप्रणाली का सजीव प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह साढ़े नौ बजे राष्ट्रगीत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन एवं सिखलाई रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन रहे। विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष की भूमिका में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए और संसदीय मर्यादाओं का परिचय दिया। उनकी सक्रिय सहभागिता और वक्तृत्व कला ने कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाया।

युवा संसद में कक्षा 11 के छात्र तेजस ने स्पीकर, कक्षा नौ की छात्रा कान्ति भट्ट ने डिप्टी स्पीकर, शगुन ने सचिव और ऋषभ ने उप सचिव की भूमिका निभाई। आराध्या ने प्रधानमंत्री और अंश दीक्षित ने नेता प्रतिपक्ष का दायित्व संभाला। विद्यार्थियों ने विभिन्न मुद्दों पर तार्किक ढंग से अपनी बात रखी।

मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था समझने और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा और उप प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने विद्यार्थियों को निर्भीकता और तार्किकता के साथ अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उप प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। हिंदी में तन्मय को सर्वश्रेष्ठ वक्ता और अंग्रेजी में अनुष्का को सर्वश्रेष्ठ वक्ता का पुरस्कार मिला। शिक्षा को सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता और अभिमन्यु को सर्वश्रेष्ठ उत्तरदाता सांसद घोषित किया गया। पारस और अनन्या ने संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ सांसद का खिताब हासिल किया।

सामूहिक प्रदर्शन में सुभाष सदन ने प्रथम, पटेल सदन ने द्वितीय और रामानुजन सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इसका समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर एसओ मेजर राकेश राघव, पूर्णिमा अग्निहोत्री, प्रज्ञा पाण्डेय, दीप्ति मिश्रा, अभिषेक राज सहित विद्यालय परिवार के सद

स्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story