तलाकशुदा महिला ने फांसी लगा कर जान दी
फर्रुखाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर प्रताड़ित तलाकशुदा महिला ने सोमवार को फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खडियाई निवासी महिला रानी (38) ने आज दोपहर के समय घर में अपने कमरे का दरवाजा बंद किया और दुपट्टे को छत के कुंडे में बांधकर फांसी लगा ली। भाभी नेहा के आवाज लगाए जाने पर जब रानी ने दरवाजा नहीं खोला तो अनहोनी की आशंका में परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में अंदर रानी को फंदे से परिजनों ने नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
भाई कृष्णा की सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी शहर कोतवाली एवं तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार एवं घुमना चौकी इंचार्ज अमित गुप्ता ने मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर पंचनामा की कार्रवाई की।
तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव ने बताया कि मृतक महिला रानी का वर्ष 2017 में मोहल्ला नुनहाई निवासी अवनीश मिश्रा उर्फ गुड्डू के साथ विवाह हुआ था। नशेड़ी पति गुड्डू के द्वारा आए दिन प्रताड़ित किए जाने के चलते 1 साल बाद ही रानी का तलाक हो गया था। तब से रानी मायके में ही रहती थी। मृतक की वृद्ध मां नीलम, भाभी नेहा से पूछताछ में पता चला है कि नोएडा रिश्तेदारी के युवक से रानी की शादी कराये जाने की बात शुरू की थी। शादी की बात सुनते ही रानी सदमे में आ जाती थी। आज सुबह भी परिजनों ने रानी की शादी करने पर चर्चा की तभी उसने फांसी लगा कर जान दे दी। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

