कारगिल के वीरों को नमन, वॉकाथॉन में गूंजे ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, शहीदों को दी गयी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
कारगिल के वीरों को नमन, वॉकाथॉन में गूंजे ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, शहीदों को दी गयी श्रद्धांजलि


कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में राजपूत रेजिमेंटल सेंटर द्वारा वॉकाथॉन का आयोजन

फर्रुखाबाद, 24 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजपूत रेजिमेंटल सेंटर द्वारा वॉकाथॉन का सफल आयोजन किया गया। इस देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में पाँच विद्यालयों के लगभग 40 छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, अधिकारियों, जेसीओ एवं एनसीओ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वॉकाथॉन के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ अपने हाथों में कारगिल युद्ध के अमर वीरों के चित्र लेकर चल रहे थे, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया। रास्ते में बच्चों द्वारा भारत माता की जय के गगनभेदी नारों ने सभी प्रतिभागियों में जोश और उत्साह का संचार किया तथा उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। वॉकाथॉन के उपरांत सभी प्रतिभागी युद्ध स्मारक पहुँचे, जहाँ कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों द्वारा शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए कारगिल युद्ध विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकृतियों में कारगिल के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम एवं बलिदान की भावना का सजीव चित्रण देखने को मिला। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का एक प्रेरणादायी माध्यम सिद्ध हुई। इस कार्यक्रम में सूबेदार मेजर चन्द प्रकाश मिश्रा, हवलदार अशोक कुमार सिंह राठौर, नायक सुरजीत सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story