फर्रुखाबाद : खीमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : खीमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने पाया काबू


-तीन जिलों से पहुंचीं दमकल की छह गाड़ियां, जेसीबी से हटाया गया जले टायरों का मलबा

फर्रुखाबाद, 27 अक्तूबर( हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के खीमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित शा इंडस्ट्रीज नाम की टायर रिप्लेसिंग फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तीन जिलों से दमकल की छह गाड़ियां बुलाकर कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फैक्ट्री में चौकीदारी कर रहे उपेंद्र ने आग लगने की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर डायल 112 की टीम, प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा और मदनपुर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार गोयल मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए तीन जिलों से दमकल की छह गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग को नियंत्रित किया।

आग बुझने के बाद फैक्ट्री में जले हुए टायरों का मलबा जेसीबी से हटाया गया। मलबा हटाने के दौरान आग दोबारा तेज हो गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने के लिए फिर प्रयास किए गए। फैक्ट्री मालिक अरविंद पांडे ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे चौकीदारों ने उन्हें आग लगने की सूचना दी थी। इसके बाद वह फैक्ट्री पहुंचे। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में छह कर्मचारी काम करते हैं। आग लगने पर कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति बिगड़ती देख सभी कर्मचारी बाहर निकल गए।

फैक्ट्री में आग लगने से कितना नुकसान हुआ और आग लगने का कारण क्या रहा, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मदनपुर चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767496 Articles

Share this story